पुणे:
स्वतंत्रता सेनानी और उद्योगपति जमनालाल बजाज के पौत्र राहुल बजाज का आज 83 वर्ष की उम्र में पुणे में निधन हो गया। स्कूटर का नाम आते ही जेहन में एक स्लोगन गूंजता रहा है-हमारा बजाज। इसे गुंजायमान करने वाले राहुल बजाज। जिन्होंने दुपहिया और तिपहिया वाहनों के क्षेत्र में बजाज ऑटो को खड़ा किया। टैगलाइन थी, यू जस्ट कांट बीट ए बजाज। मध्य वर्गीय परिवार की चाहत रहती थी बजाज चेतक। इसे बनाने की शुरुआत आपने ही की थी।

पद्म भूषण से किये गए थे सम्मानित
राहुल बजाज का निधन आज दोपहर में हुआ, तक परिवार के निकट रिश्तेदार वहीं पर थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से की। उन्होंने मुंबई के लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री भी हासिल की। 2006 से लेकर 2010 तक राज्य सभा के सदस्य भी रहे। साल 2001 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

12,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया कारोबार
राहुल बजाज ने 1965 में बजाज समूह की कमान संभाली थी। करीब 50 सालों तक बजाज ग्रुप के चेयरमैन रहे। पिछले साल पद त्यागा था। कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक बने रहे थे। उनकी अगुवाई में बजाज ऑटो का कारोबार एक समय 7.2 करोड़ रुपये से 12,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उदारीकरण के समय का भी उन्हें असर नहीं पड़ा। जापानी मोटर साइकिल कंपनियों के मुकाबले में राहुल बजाज ने कंपनी को आगे बढ़ाया।